राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल
घूंघट छोड जेठानी-देवरानियों ने गांव से लेकर जिले तक कबड्डी में ठोकी ताल
माँ-बेटी भी टीम में एक साफ दिखा रही है दमखम
खेल का जूनुन इतना की आजीविका का साधन खेती को छोड मैदान में बहा रही है पसीना
अलवर 29 सितम्बर। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में खेलों का माहौल बनाने के लिए बिना उम्र की बंदिशों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में छुपी प्रतिभाओं को मौका देने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रारम्भ किए हैं। इसके सुदूर ग्रामीण परिवेश से सकारात्मक पहलू सामने आ रहे हैं। अलवर जिले में जिला स्तर पर आयोजित हो रहे राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में महिला कबड्डी में तिजारा ब्लॉक की विजेता टीम राज्य सरकार की भावना को प्रत्यक्ष रूप प्रदान कर रही है।
तिजारा ब्लॉक के ग्राम बिछाला की टीम में जेठानी व देवरानियों के साथ माँ-बेटी भी अपने जौहर मैदान पर दिखा रही है। टीम में खेल रही 36 वर्षीय गुड्डो देवी ने बताया कि 17 वर्षीय बेटी चिंकी के साथ एक ही टीम में खेल रही है। गांव के बाद ब्लॉक स्तर पर जीतने के बाद अब जिला स्तर पर टीम खेल रही है। गुड्डो देवी ने बताया कि उसके तीन बेटियां है। बेटियों के पिता की मृत्यु हो चुकी है। जब बेटी ने खेलने की इच्छा जताई तो खुद भी उसको आगे बढाने के लिए मैदान पर उतर आई और खेल के प्रति इतना जूनुन पैदा हो गया कि आजीविका का मुख्य साधन खेती पर भी ध्यान नहीं है। बाजरे की फसल तैयार खडी है पर कटाई का समय नहीं मिला। अब बेटी के साथ राज्य स्तर पर जीतकर आना ही लक्ष्य है।
टीम की मुख्य रेडर की भूमिका निभा रही 35 वर्षीय सुशीला देवी का साथ टीम में उसकी देवरानी रेखा देवी व सविता देवी निभा रही है। सुशीला देवी ने बताया कि पता चला कि राजीव गांधी ओलम्पिक खेल का आयोजन हो रहा है और इसके रजिस्टेªशन चालू है तो देवरानियों व परिवार में बात कर अपनी टीम का रजिस्टेªशन करवा लिया। शुरू में सबको लग रहा था कि केवल रजिस्टेªशन कराएंगी खेलेंगी नहीं। सुशीला देवी बताती है कि अच्छे कार्य के लिए जब मौका मिले तो अपनी प्रतिभा सबको दिखानी चाहिए। शुरू में थोडा संकोच रहा। परिजनों ने भी सहयोग किया। सब मिलकर खेली। गांव से जीतने के बाद ब्लॉक में विजेता रही। अब जिला स्तर से जीतकर राज्य स्तर में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि परिजन अपनी बेटी व बहूओं को आगे बढने का मौका देवे। वे जरूर परिवार का नाम रोशन कर सकती है।
बडे अन्तर से जीता पहला मैच
जिला स्तर पर तिजारा की इस टीम का पहला मुकाबला बहरोड ब्लॉक की विजेता टीम की युवा खिलाडियों के साथ हुआ जिसको माँ-बेटी व जेठानी-देवरानियों ने अपने खेल कौशल व तालमेल से 43-14 के बडे अन्तर से मैच जीता।


No comments:
Post a Comment
SEND FEEDBACK AND SUGGESTION FOR IMPROVEMENT